वैक्यूम रोकने को ले पुलिस व पब्लिक की बैठक
ट्रेनों को वैक्यूम कर रोकने के सवाल को लेकर रविवार को बिहियां थाना परिसर में पुलिस अधिकारियों एवं पब्लिक की महत्वपूर्ण बैठक संपन्न हुई। बैठक में अपना विचार प्रस्तुत करते हुए दानापुर रेलवे सुरक्षा बल के वरीय कमांडेंट प्रवण कुमार ने कहा कि प्रगति की ओर बढ़ रहे प्रदेश की छवि ट्रेनों में वैक्यूम होने से खराब हो रही है। ट्रेनों में दूसरे प्रदेशों के लोग भी यात्रा करते हैं। उन्होंने लोगों से अपने एवं पास पड़ोस के बच्चों को समझाने का अनुरोध किया कि ट्रेनों को अनावश्यक रोकने से रेल परिचालन बाधित होता है, इससे उन लोगों को परेशानी होती है जो बीमार लोगों को लेकर ट्रेनों में यात्रा करते हैं। कितने लोगों की ड्यूटी एवं परीक्षाएं छूटती है। पत्रकार टप्पू गुप्ता, संजीव कुमार ने सरकारी रेल पुलिस तथा रेलवे सुरक्षा बल के कार्यशैली में सुधार लाने का सुझाव प्रस्तुत करते हुए सवाल उठाया कि क्या कारण है कि आरपीएसएफ के ट्रेनों में होने से वैक्यूम नहीं होता जबकि जीआरपी एवं रेलवे सुरक्षा बल की मौजूदगी के बावजूद ट्रेन वैक्यूम का शिकार होता है। थानाध्यक्ष तीयर उमाशंकर कामत ने कहा कि वैक्यूम करना नौजवानों का स्टेटस सिम्बल बनता जा रहा है। इस पर रोक के लिए समाज के प्रबुद्ध लोगों को इसके लिए पहल करना होगा। बैठक में डीएसपी जगदीशपुर सुरेश कुमार पंजियार, डीएसपी रेल दानापुर रामाधार सिंह, रेल पुलिस निरीक्षक सुभाष चन्द्र राय, बिहिया थानाध्यक्ष शिव नारायण राय, ओसी रेल थाना आरा राजेन्द्र प्रसाद, शाहपुर थानाध्यक्ष हरेकृष्ण मंडल, सीओ बिहिया नलिनीकांत, सामाजिक कार्यकर्ता सह कांग्रेस नेता शिवजी चौबे, पूर्व मुखिया ददन सिंह यादव, प्रखंड जद अध्यक्ष देव मोहर यादव, ललन सिंह, वार्ड पार्षद रामजी केसरी, जुबेर खां सहित कई लोगों ने अपने विचार रखते हुए वैक्यूम रोकने हेतु प्रयास करने का संकल्प व्यक्त किया। कार्यक्रम का संचालन बिकेश्वरी दुबे महाविद्यालय के प्राचार्य हरे गोबिंद ओझा ने की।
You need to be a member of JaiBhojpuri.com to add comments!
Join JaiBhojpuri.com